उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टरों की कमी को देखते हुए उनके पद की संख्या बढ़ा दी गई है। अब 2634 पदों पर इंस्पेक्टरों की भर्ती व पदोन्नति होगी।
यह कवायद राज्य सरकार द्वारा दारोगा के इंस्पेक्टर बनने की पिछले एक अरसे से लटकी प्रक्रिया को फिर से शुरू करने की पहल की है।
इसके लिए नियमावली को पिछले दिनों कैबिनेट से मंजूरी भी दे दी गई थी। उस प्रक्रिया में पहले लगभग 1668 पदों पर सब इंस्पेक्टरों को प्रोन्नत होना था पर अब राज्य सरकार ने इंस्पेक्टरों के पद बढ़ा दिए हैं। इसके लिए शासनादेश भी जारी हो चुका है।
प्लाटून कमांडरों की नियमावली अभी तक न बनने की वजह से दारोगाओं की सीधी भर्ती की प्रक्रिया रुकी हुई है। पिछले दिनों नियमावली तैयार होने के बाद से ही दारोगा सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के रास्ते साफ हो गए थे, लेकिन यह नहीं हो पा रहा है।
कारण यह कि पीएसी के प्लाटून कमांडरों की भर्ती भी दारोगाओं की भर्ती के साथ ही होती है। लेकिन प्लाटून कमांडरों की नियमावली तैयार न होने और उसके कैबिनेट से मंजूरी न मिलने की वजह से भर्ती प्रक्रिया बढ़ नहीं पा रही है।
पहले बमुश्किल 829 दारोगा को प्रमोशन का मौका मिल रहा था जो अब 1167 दारोगाओं को मिलेगा।
इसके लिए पुलिस महानिदेशक मुख्यालय 15 अप्रैल तक खाली पदों के सापेक्ष दो हजार दारोगाओं की वरिष्ठता सूची तैयार कर पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भेज देगा।