राजधानी में एक सिपाही की करतूत ने पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया है। बुधवार अपराह्न कैसरबाग के सरेराह शराब के नशे में धुत सिपाही ने स्कूल से लौट रही सातवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ छेड़खानी की।
छात्रा के विरोध पर पब्लिक ने सिपाही को दबोच लिया और महिलाओं व राहगीरों ने पीट-पीटकर सिपाही को अधमरा कर दिया। हुसैनगंज पुलिस ने बमुश्किल सिपाही को बचाया और कैसरबाग पुलिस के हवाले कर दिया।
छात्रा की शिनाख्त के बाद पुलिस ने सिपाही को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। छात्रा के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने महिला थाने में मामला दर्ज कर सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने उसे निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, हुसैनगंज के छितवापुर निवासी राम कुमार (काल्पनिक नाम) निजी व्यवसायी करते हैं। राम कुमार की आठ वर्षीय भतीजी सुषमा (काल्पनिक नाम) स्टेशन रोड स्थित एक स्कूल में सातवीं की छात्रा है।
राम कुमार के मुताबिक, आज अपराह्न 4.30 बजे सुषमा स्कूल से घर वापस लौट रही थी कि रास्ते में कैसरबाग इलाके के महाराणा प्रताप चौराहे के पास नशे में धुत एक सिपाही ने उससे अश्लील हरकत शुरू कर दी।
पहले तो छात्रा चुप रही। मगर, सिपाही ने हद कर दी और उसके कंधे पर हाथ रख दिया जिस पर छात्रा ने सिपाही का हाथ पकड़ लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर राहगीर व कई महिलाएं आ गईं।
माजरा समझने के बाद लोगों ने नशेड़ी सिपाही को दबोच लिया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान एक युवती ने अपना बेल्ट निकाली और उसने भी सिपाही की पिटाई शुरू कर दी। यह देख चौराहे के पास मजमा लग गया।
सूचना पर हुसैनगंज पुलिस आ गई। पुलिस ने खासी मशक्कत के बाद सिपाही को भीड़ से बचाकर जीप में बैठाया और कैसरबाग के हवाले कर दिया। सिपाही की पहचान पुलिस लाइन में तैनात शिव कुमार अवस्थी के रुप में की गई।
बताया जा रही है कि शिव कुमार की ड्यूटी दीप पैलेस के कर्ताधर्ता की सुरक्षा में है। पुलिस ने छात्रा से सिपाही की शिनाख्त कराकर सिपाही को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
पीड़ित छात्रा के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने महिला थाने में मामला दर्ज कर सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने सिपाही शिव कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी करार देते हुए निलंबित कर दिया।