उत्तर प्रदेश सरकार ने कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्रा करके लौटने वाले प्रदेश के मूल निवासियों को आर्थिक सहायता देने के लिए आवेदन पत्र मांगा है। तीर्थयात्री यात्रा समाप्त होने के तीन महीने के अंदर आवेदन कर सकते हैं। इसके अंतर्गत हर साल 50 तीर्थयात्रियों को 25 हजार रुपए की धनराशि दी जाएगी।
प्रमुख सचिव धर्मार्थ कार्य नवनीत सहगल ने बताया कि वर्ष 2012-13 में श्री कैलाश मानसरोवर की तीर्थ यात्रा से लौटने वाले प्रदेश के यात्रियों से आवेदन पत्र मांगे गए हैं। भारत सरकार की ओर से आयोजित इस यात्रा में शामिल होने वाले तीर्थयात्रियों को यह मदद मिलेगी।
आवेदक को निवास प्रमाणपत्र अथवा पासपोर्ट की प्रमाणित छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। आर्थिक सहायता जीवन में एक बार ही मिल सकेगी। यात्रा समाप्त होने के तीन महीने के अंदर भारत सरकार/चीन सरकार द्वारा जारी पासपोर्ट/बीजा/प्रमाणपत्र के आधार पर अनुदान स्वीकृत किया जाएगा। यात्री की मृत्यु होने की दशा में पति, पत्नी या आश्रित आवेदन कर सकेंगे।