उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव यूपी में तीसरे चरण में 'करहल' की हॉट सीट खासी चर्चा में है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। गुरुवार को मुलायम सिंह यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लिए वोट मांगने करहल पहुंचे। भाजपा की ओर से केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल चुनाव मैदान में हैं। दोनों पार्टियों के अपने-अपने दावे हैं। अमर उजाला की टीम ने मंगलवार को 'करहल' में आम लोगों से बातचीत की है। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की राय जानने का प्रयास किया। सपा के चुनावी कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं ने स्वीकार करते हुए कहा, हां हमने गुंडागर्दी की थी। हम गुंडागर्दी के लिए मशहूर रहे हैं। बतौर मुन्ना यादव, सपा राज में यादवों और मुसलमानों द्वारा गुंडागर्दी की गई। जब उनसे सवाल पूछा गया कि आज भी 'गढ़ में डर' है, तो उन्होंने कहा, आज नई सपा है। पुरानी गलतियों से सबक लिया है। एक अपराध की सजा दो बार नहीं मिल सकती। अखिलेश भाई अगर सरकार बनाते हैं तो उन्हें 'योगी' से सीखना चाहिए। वे योगी की तर्ज पर काम करें। गुंडई को खत्म करें। प्रो. बघेल ने कहा, ये नई सपा नहीं, वही सपा है। अब 'सफा' होने जा रही है। हिंसा करने वालों का चुनाव के बाद हृद्रय परिवर्तन हो जाएगा, इस पर कौन भरोसा करेगा।
करहल के बाईपास रोड पर एक चुनावी चर्चा में सर्वेश यादव कहते हैं, सरकारी योजना के तहत 90 फीसदी मुसलमानों को मकान मिल गए, हिंदुओं को उनके मुकाबले बहुत कम मिले हैं। चुनाव में हकीकत दिखाई दे रही है, इसलिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकारी योजनाओं को अधिकांश फायदा मुसलमानों को मिला है। स्थानीय सड़कों का बुरा हाल भी देखो। कुछ मुसलमान, भाजपा को वोट दे रहे हैं। रघुवीर सिंह कहते हैं कि मुख्यमंत्री योगी ने करहल विधानसभा में एक भी काम नहीं किया, सिवाए राशन-पानी देने के। किसानों के मसले पर करण सिंह बोले, गोशाला की स्थिति ठीक नहीं है। शाम होते ही वहां से पशुओं को निकाल दिया जाता है। चारा भी नहीं मिलता। सड़क हादसों में मारे जाते हैं। किसान दिन में खेती करे और रात में आवारा पशुओं से खेत की रखवाली करे। ऐसे में वह बीमार हो जाता है।
चुनावी कार्यालय में बैठे उदय सिंह यादव ने कहा, जनता को अखिलेश ही चाहिए। भाजपा की जमानत जब्त होगी। नेताजी ने बघेल को पाला पोसा, अब वही यहां आ गए। जिसका खाया नमक, उसी के साथ गद्दारी करने आ गए प्रो. एसपी सिंह बघेल। नेताजी ने उन्हें प्रोफेसर बनाकर आगरा भेजा था। अब जूते पड़ रहे हैं, हम गवाह हैं। बिहार के मधुबनी जिले से अखिलेश के चुनाव प्रचार के लिए करहल पहुंचे सतजन बोले, भाजपा कामयाब नहीं होगी। हमें बिहार में अन्ना हजारे और आधुनिक गांधी कहते हैं। व्यक्तिगत लगाव है तो करहल में आ गए। अखिलेश यादव तो गिनीज बुक में नाम दर्ज कराएंगे। उदय सिंह ने कहा, जनता पांच सालों में दुखी हो गई। लोगों को अब 'अखिलेश ही अखिलेश' दिखाई दे रहे हैं।
सतजन बोले, किसान आंदोलन का असर है। यहां खाद की किल्लत से किसान को कष्ट झेलना पड़ रहा है। चुनाव पर पाकिस्तान और जिन्ना का क्या प्रभाव पड़ा है, इस सवाल के जवाब में सतजन ने कहा, यहां पर ये सवाल नहीं है। चुनाव में हिंदू-मुस्लिम नहीं है। विकास पर बात होगी। मुन्ना यादव ने कहा, लोग चाहते हैं कि परिवर्तन हो। योगी द्वारा चुनाव से पहले यह कहा जाना कि यूपी, पश्चिम बंगाल बन जाएगा, केरल बन जाएगा, वे बोले, ऐसा कुछ नहीं होगा। सपा की सरकार बनती है तो हमारे अखिलेश भाई योगी की तर्ज पर काम करें। मुस्लिम हों, यादव हों या कोई दूसरा, गुंडागर्दी की इजाजत न दी जाए। गुंडागर्दी के लिए हम मशहूर हैं। अगर सपा को सरकार बनाने का मौका मिलता है तो यह कोशिश करेंगे कि हम जनता की कसौटी पर खरा उतरेंगे। हम कोशिश करेंगे कि गुंडागर्दी बिल्कुल खत्म हो जाए।