उत्तर प्रदेश में छठे चरण का आज मतदान जारी है। 10 जिलों की 57 सीटों पर कुल 676 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पिछली बार यानी 2017 में इन 57 सीटों में से 46 सीटें भाजपा और दो सीटें उसके सहयोगी दलों अपना दल और सुभासपा ने जीती थीं। तब सुभासपा और भाजपा का गठबंधन था। इस बार सुभासपा और समाजवादी पार्टी का गठबंधन है।
छठे चरण में जिन 10 जिलों में चुनाव चल रहा है, उनमें गोरखपुर, अंबेडकर नगर, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीरनगर और सिद्धार्थ नगर शामिल हैं। गोरखपुर से इस बार खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी मैदान में हैं।
अपराधिक छवि वाले नेताओं को टिकट देने में सपा आगे
समाजवादी पार्टी ने छठे चरण की 57 सीटों पर सबसे ज्यादा 83% आपराधिक छवि वाले नेताओं को टिकट दिया है। शुरुआत के चार चरणों में भी समाजवादी गठबंधन के सबसे ज्यादा उम्मीदवार दागी थे। पांचवे चरण में कांग्रेस इस मामले में आगे हो गई थी, जबकि समाजवादी पार्टी दूसरे नंबर पर थी। छठे चरण में दागी नेताओं को टिकट देने में भाजपा दूसरे नंबर पर है। भाजपा के 44% उम्मीदवार आपराधिक छवि वाले हैं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस, चौथे पर बसपा और पांचवे पर आम आदमी पार्टी है। कांग्रेस और बसपा ने इस बार 39-39%, जबकि आप ने 14% दागी उम्मीदवार उतारे हैं।