कानपुर मेट्रो में सफर करते पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
- फोटो : Agency
असमंजस में हैं ब्राह्मण
दूसरी बड़ी चुनौती ब्राह्मण मतदाता हैं। उत्तर प्रदेश में 18 फीसदी ब्राह्मण तो इतने ही मुस्लिम मतदाता बताए जाते हैं। संघ से जुड़े अरविंद शुक्ला कहते हैं, ब्राह्मण थोड़ा (40 फीसदी) असमंजस में हैं। ब्राह्मणों को पता है कि ठाकुर से ज्यादा यादव अराजक हो जाते हैं। इसे पटरी पर लाने की कोशिश जारी है। आजमगढ़ से राजभरों की बड़ी संख्या शुरू होती है। मिर्जापुर, बनारस, प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली के हिस्से में पटेलों की संख्या ठीकठाक है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी से सुरेंद्र पटेल भी मानते हैं कि पटेल अनुप्रिया के साथ हैं, लेकिन 30-35 फीसदी पटेल इसबार समाजवादी पार्टी के साथ जा सकते हैं। इसी तरह की स्थिति निषादों के साथ है। मनोज सरोज ने पिछली बार भाजपा को वोट दिया था। कभी बसपा के साथ थे। लेकिन इस बार अभी उन्होंने तय नहीं किया है। मनोज कहते हैं कि भाजपा से बड़ी उम्मीद थी। मुख्यमंत्री योगी तो केवल ठाकुरवादी, दलित विरोधी नेता हैं। मायावती ने तो अब बसपा को केवल जाटव की पार्टी बना दिया है।
भाजपा की एक और बड़ी चुनौती छुट्टा गौवंश बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले के किसी भी गांव में चले जाइए, गौवंश, नील गाय, जंगली सुअरों से किसान त्रस्त मिलेंगे। गांवों के खेत की बाड़ पर जानवरों को बिजली झटका देने वाला तार जरूर मिलेगा। राम चंद्र किसान हैं। बताते हैं की मक्का, मटर, उड़द, चना, अरहर जैसी फसलें पैदा करने की हिम्मत नहीं होती। कई बार मेड़ और डांड़ पर फिसलकर गिरने से बच्चे, महिलाएं या फिर बुजुर्ग भी इसका झटका खा जाते हैं। फिर इस बार धान के फसल की खरीद भी ढंग से नहीं हुई है और किसान त्रस्त है।
योगी तेरी खैर नहीं, मोदी तुझसे बैर नहीं
वहीं राजस्थान में वसुंधरा राजे की सरकार को हटाने वाला नारा उत्तर प्रदेश में जगह बनाता दिखाई दे रहा है। राज्य में जनता की नाराजगी भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी से कम है। सरकार विरोधी लहर की हवा मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ कहीं ज्यादा दिखाई देती है। जौनपुर में गोमती किनारे आरएसएस की शाखा लगती है। सुबह-सवेरे शाखा से लौट रहे भाजपा के नेता योगी के खिलाफ नाराजगी को राजनीति का सामान्य चरित्र बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हैं, इसलिए जिनकी भी नाराजगी होगी, उन्हीं से होगी। लेकिन पिछले तीस साल में प्रदेश की जनता ने विकास देखा है। भारत की अस्मिता, हिन्दुत्व का सम्मान और आदर देखा है। इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है। वह कहते हैं कि सब ठीक हो जाएगा। मोदी, शाह, नड्डा, योगी और केशव सब लगे हैं। पूर्व विधायक का कहना है कि जनता के पास भाजपा के अलावा दूसरा विकल्प नहीं है। बस आप देखते रहिए। कुल मिलाकर भाजपा को अपने तंत्र पर पूरा भरोसा है। उसके भरोसे की सबसे बड़ी उम्मीद प्रधानमंत्री मोदी की छवि और अमित शाह की रणनीति है।