सीबीआई ने डीएसपी कुंडा जियाउल हक को पीटने में इस्तेमाल लाठी-डंडों की बरामदगी शुरू कर दी है।
इस मामले में गिरफ्तार सात अन्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर सीबीआई ने शनिवार को भी पूछताछ की। उनकी ही निशानदेही पर यह बरामदगी की जा रही है।
सीबीआई ने बुधवार को राजा भैया के करीबी बुल्ले पाल के साथ नन्हे के करीबी घनश्याम सरोज, राम लखन गौतम, राम आसरे उर्फ पांडे सरोज और शिवराम पासी केअलावा ग्राम प्रधान केदो पड़ोसी छोटे लाल यादव और मुन्ना पटेल को गिरफ्तार किया था।
बृहस्पतिवार को कोर्ट में उन्हें सीबीआई को रिमांड पर दे दिया गया था। इसके बाद से सीबीआई उनसे पूछताछ कर रही है। अब उनसे सीओ को पीटने में इस्तेमाल डंडे-लाठियां बरामद किए जा रहे हैं।
सीबीआई को पूछताछ में पता चला है कि बीती दो मार्च को जब कुंडा के बलीपुर गांव के प्रधान नन्हे यादव की हत्या कर दी गई तो आक्रोशित भीड़ को काबू करने के लिए पहुंचे डीएसपी जियाउल हक को भीड़ ने गिराकर लाठी-डंडे से पीटा था।
सीबीआई को पता चला कि इस भीड़ में सीओ को लाठी-डंडे से पीटने वालों में ग्राम प्रधान के करीबी और पड़ोसी शामिल थे।
सीबीआई को यह भी पता चला है कि नन्हे यादव खुद भी आपराधिक प्रवृत्ति का था और उस पर कई मुकदमे दर्ज थे। उसके साथ रहने वालों पर भी पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं।
सीबीआई ने कई गवाहों से बात की तो उन्होंने दो मार्च की रात का पूरा सच बयां किया था। अब गिरफ्तार आरोपियों से कुछ और राज सामने आने की संभावना है।