सूत्रों के अनुसार, लखनऊ से रोडवेज से सुक्खा दुनेके गैंग के एक सदस्य के अयोध्या पहुंचने के इनपुट, सुरक्षा एजेंसियों को मिल रहे थे। एटीएस व आईबी की टीमें उसे ट्रेस कर रही थीं। आरोपी को अयोध्या पहुंचने से पहले ही हाईवे पर ही बस को रोकवाकर उतार लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी की पुष्टि होने पर उसे टीम अपने साथ लखनऊ ले गई। तहकीकात में उसके एक अन्य साथी की गिरफ्तारी की बात भी सामने आ रही है।
वहीं, एटीएस की इस कार्रवाई से जिले की सुरक्षा एजेंसियों को और अलर्ट कर दिया गया है। जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग की जा रही है। रामनगरी में भी विभिन्न इलाकों में होटल, लॉज, धर्मशालाओं आदि को खंगाला जा रहा है। पूछताछ करके यहां ठहरने वालों का सत्यापन कराया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में जिले की पुलिस ने कुछ भी बोलने से इनकार किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अयोध्या शैलेंद्र गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है।