मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022, महिलाओं से चर्चा
- फोटो : अमर उजाला
रुपाली परिहार ने कहा कि मिर्जापुर वेब सीरीज देखने के बाद मैं यहां आने से डर रही थी लेकिन यहां आने के बाद मैंने पाया कि यहां के लोग बहुत अच्छे हैं। यहां शांति है। यहां की महिलाएं बहुत ही सुरक्षित हैं। हां, यहां गंदगी, संकरी सड़कें और ट्रैफिक की समस्या है। वहीं, मीनू शुक्ला ने कहा कि यहां सबसे बड़ी समस्या मेडिकल सुविधा की है। रेखा मौर्या ने कहा कि यहां लोग गंदगी की बात करते हैं। अगर सबलोग अपने अपने घरों के आसपास साफ सफाई रखेंगे तो गंदगी नहीं होगी लेकिन लोग केवल सरकार के ही भरोसे रहते हैं। वहीं, उन्होंने बेटियों की शिक्षा को लेकर कहा कि अगर हम एक बेटी को शिक्षित करते हैं तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। उन्होंने कहा कि अगर महिलाएं शिक्षित होंगी तभी सशक्त होंगी। समाज में महिलाएं जितना अधिक शिक्षित होगी। वह समाज उतना ही अधिक शिक्षित होगा।
शिवांगी ने कहा कि यहां की सड़कों पर गाय खुलेआम घूम रही हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या होती है। पूजा सिंह ने खेल की व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि यहां कोई मैदान नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि यहां 14-15 साल के लड़कियों की शादी करा दी जाती है। यहां पर लोगों में मानसिकता की कमी है। वहीं, अंबिका ने कहा कि मिर्जापुर वेब सीरीज पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं भी जाते हैं तो वहां जब हम अपना परिचय देते हैं तो लोग यही कहने लगते हैं कि वही मिर्जापुर, क्या सच में वहां ऐसा होता है? असल में मिर्जापुर वैसा नहीं है जैसा कि वेब सीरीज में दिखाया गया है। इस सीरीज के चलते कहीं न कहीं मिर्जापुर की गलत इमेज बनी है।