बीघापुर (उन्नाव)। विकासखंड क्षेत्र के गांव कमलीखेड़ा स्थित ओस्ताद बाबा मंदिर परिसर में दंगल का आयोजन किया गया। इसमें लखापुर के सुरेंद्र व थापा पहलवान को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।
कमलीखेड़ा में परंपरागत दंगल का शुभारंभ आल्हा गायक नैना गौतम ने ऊदल बेला के विवाह का प्रसंग सुनाकर किया। मुख्य अतिथि विधायक आशुतोष शुक्ला पहुंचे। कहा कि ग्रामीण अंचल में होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता से जहां सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा व मेलजोल बढ़ता है। वहीं शारीरिक स्वास्थ्य भी अनुकूल रहता है। विशिष्ट अतिथि आशु बाजपेई ने कहा कि बैसवारा क्षेत्र पहलवानी के क्षेत्र में भी अपनी हनक काफी लंबे समय से बनाए हुए है।
दंगल की बड़ी कुश्ती सुरेंद्र लखापुर व थापा पहलवान के बीच जैसे ही शुरू हुई, वैसे ही तेज बारिश होने लगी। इसके चलते दोनों पहलवानों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया गया। आयोजक पूर्व प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार शुक्ला एवं अखिलेश कुमार शुक्ला ने दोनों पहलवानों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह एवं धनराशि देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गौरव शुक्ला, सौरभ शुक्ला, नकुल, अमिताभ, अभिषेक, राजू फौजी व अमरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।