उन्नाव। जिला महिला और पुरुष अस्पताल में आग से बचाव के लिए आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम लगाने का काम शरू हो गया है। शासन के निर्देश के बाद उपकरण एक माह पहले ही अस्पताल पहुंच गए थे। अब इसका काम भी शुरू हो गया है। ओपीडी बाधित न हो इसके लिए दोपहर के बाद संयंत्र लगाने का काम किया जा रहा है।
जिला पुरुष और महिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, डायग्नोस्टिक सेंटर, बर्न यूनिट, एनआरसी, एसएनसीयू, ट्रामा सेंटर आदि में रोजाना औसतन दो हजार मरीज पहुंचते हैं। इन सभी जगहों पर आग से बचाव के लिए पुराने संसाधन ही लगे थे। शासन के निर्देश के बाद एक माह पूर्व जिला अस्पताल में उपकरण भेज दिए गए थे।
उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन को काम दिया गया। लगभग दो करोड़ की लागत से संस्था छह माह में काम पूरा करेगी। पूरे अस्पताल परिसर में ओपीडी से लेकर ऑपरेशन थिएटर तक पाइपलाइन बिछाने का काम भी शुरू हो गया है। फायर फाइटिंग सिस्टम लगने के बाद धुवां उठते ही सायरन बजना शुरू हो जाएगा। उस ब्लॉक में लगे सेंसर सक्रिय हो जाएंगे। ऑटोमोड पर पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इससे जल्द ही आग पर काबू पाया जा सकेगा।
सीएमएस डॉ.आरए मिर्जा ने बताया कि यह सिस्टम लगने के बाद आग लगने पर जल्द ही काबू पा लिया जाएगा। मरीजों को परेशानी न हो इसलिए ओपीडी के बाद काम किया जा रहा है।