उन्नाव। हिंदू जागरण मंच के सह संयोजक के यहां आयोजित गणेश महोत्सव के समापन पर निकली गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान बुधवार शाम करीब छह बजे एक युवक ने अपने साथियों के साथ बीच में जाकर नशे की हालत में महिलाओं से बदसलूकी की।
विरोध करने पर मारपीट शुरू की। गांधीनगर तिराहा के पास घटना होने से पुलिस पहुंची और आरोपियों में एक को गिरफ्तार किया। अन्य भाग निकले। आयोजक ने तीन ज्ञात और अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला ज़ुराखन खेड़ा निवासी राकेश राजपूत के घर स्थापित गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए बुधवार को विसर्जन यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा गांधी नगर तिराहे के पास पहुंची थी कि तभी नशे में धुत पड़ाेसी ने अपने कुछ साथियों के साथ नशे की हालत में महिलाओं के बीच में घुस आया और महिलाओं से अभद्रता करने लगा।
यात्रा में शामिल लोगों ने विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी। यात्रा में साथ चल रहे नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपी भाग निकले।
यह भी आरोप है कि युवक ने सोशल मीडिया पर विमल द्विवेदी की मां पर अभद्र टिप्पणी और फोन पर गाली-गलौज भी की। इस संबंध में कोतवाल संजीव कुशवाहा ने बताया कि मामला जानकारी में है। तहरीर मांगी गई है, उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।