उन्नाव। सोहरामऊ क्षेत्र में टाटा सर्विस सेंटर के पास महिला का शव मिला। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
सोहरामऊ थानाक्षेत्र के बजेहरा गांव के सामने स्थित टाटा मोटर्स सर्विस सेंटर के पास मंगलवार को करीब 40 साल की महिला का शव यूकेलिप्टस के पेड़ के सहारे टिका मिला। सूचना पर एसआई नरेंद्र सिंह ने जांच की। महिला पीले रंग का सूट और काले रंग का सलवार पहने होने के साथ उसके बालों में धूल लगी मिली। पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया। सफलता न मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है। जांच में सर्विस सेंटर के एक कर्मचारी ने बताया कि महिला सुबह करीब 9:30 बजे सर्विस सेंटर के पास आई थी और पीने का पानी मांगा था। बाद में वह पेड़ के पास बैठ गई थी। पुलिस मानसिक बीमार होने का अनुमान लगा रही है। (संवाद)
बाइकों की भिड़ंत में पिता-पुत्री सहित तीन घायल
उन्नाव। अजगैन कोतवाली के भौली गांव निवासी रामबाबू की बेटी शकुन (18) को कई दिनों से बुखार आ रहा था। मंगलवार को बेटी को दवा दिलाने नवाबगंज सीएचसी आए थे। घर लौटते समय अजगैन-भौली मार्ग पर छेड़ा गांव के पास सामने से आ रही बाइक से टकरा गई थी। घटना में पिता-पुत्री के साथ दूसरे बाइक सवार भौली निवासी दीपक (26) घायल हुए थे। सीएचसी लाने पर परिजन पिता-पुत्री को निजी अस्पताल ले गए। दीपक को जिला अस्पताल रेफर किया गया। (संवाद)