नवाबगंज। डंपर की टक्कर से बाइक में पीछे बैठी महिला उछलकर सड़क पर गिर गई और घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई। बाइक चला रहा भाई और मां बाल-बाल बचीं। घटना की जानकारी होते ही परिजन आक्रोशित हो गए और रोड को एक घंटे तक जाम रखा। नायब तहसीलदार ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन देकर शांत कराया। इस दौरान एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया है, चालक फरार है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के इटकुटी गांव निवासी प्रदीप (20), मां मालती (55) और माखी के दिलवल गांव निवासी बहन सुमन (34) पत्नी कमलेश के साथ रविवार सुबह करीब 11 बजे सुमन के बच्चे की दवा लेने बाइक से नवई गांव जा रहा था। अजगैन-इटकुटी मार्ग पर गोकुलखेड़ा गांव के पास सामने से आ रहे डंपर की टक्कर से बाइक में पीछे बैठीं सुमन उछलकर सड़क पर गिर गईं। सिर में चोट लगने से घटनास्थल पर मौत हो गई। प्रदीप और मां बाल-बाल बचे। घटना के बाद लोगों ने डंपर का पीछा किया लेकिन पकड़ नहीं पाए।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाया। डंपर चालक को गिरफ्तार करने के साथ आर्थिक सहायता की मांग की। कोतवाल अवनीश सिंह और नायब तहसीलदार पीयूष वर्मा मौके पर पहुंचे और परिजनों को आर्थिक लाभ का आश्वासन दिया। एक घंटा समझाने के बाद मामला शांत हुआ और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के दो बेटे हर्ष, रजत और बेटी अंकिता है। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया मृतका के पति ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से डंपर कब्जे में लिया गया है।
-
गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
पुरवा। कोतवाली के उपनिरीक्षक विनोद सिंह ने गश्त के दौरान पुरवा-उन्नाव की शारदा नहर के पास से मंगतखेड़ा निवासी सचिन तिवारी को 700 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। (संवाद)