हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के अहमदपुर वादे गांव में रविवार रात पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने वाले युवक को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। नामजद तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अहमदपुर वादे गांव निवासी अरुण की शादी आठ वर्ष पहले औरास थानाक्षेत्र के प्रतापपुर धमियाना गांव निवासी आरती से हुई थी। रविवार देर रात किसी और से फोन पर बात करने के शक में पत्नी आरती से विवाद होने पर अरुण ने उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने रात में ही कोतवाली पहुंचकर पुलिस के सामने जुर्म स्वीकार लिया था। मृतका की मां राजरानी की तहरीर पर पुलिस ने अरुण, उसकी मां, भाई कल्लू, भतीजे जितेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को पुलिस ने अरुण को जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर राजेश पाठक ने बताया कि अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।