सफीपुर (उन्नाव)। दुर्घटना बाहुल्य स्थलों में शामिल मियागंज चौराहे के चौड़ीकरण की कवायद शुरू हो गई है। गुरुवार को चौराहे की खोदाई का कार्य शुरू हुआ। अधिक दुर्घटनाओं वाले चौराहों को ब्लैक स्पॉट घोषित किए जाने के बाद उन्हें चौड़ा किया जाना है।
ब्लैक स्पॉट में शामिल उन्नाव-संडीला व लखनऊ -बांगरमऊ मुख्य मार्गों को जोड़ने वाले मियागंज चौराहे का चौड़ीकरण शुरू हुआ है। चौराहे की खोदाई कराकर यहां गोल चक्कर बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ए अंसारी ने बताया कि मियागंज चौराहा आए दिन जाम व होने वाली दुर्घटनाओं के कारण दुर्घटना बाहुल्य स्थलों की सूची में शामिल हुआ था। विभाग ने चौड़ीकरण कार्य शुरू कराया है। पटरी दुकानदारों को पहले से ही समय दे दिया गया था। इसलिए दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें भी हटा ली हैं। बताया कि चारों ओर का मार्ग चौड़ा कर सुविधाजनक बनाया जाएगा। इससे जाम से निजात के अलावा मार्ग दुर्घटनाओं से भी बचाव हो सकेगा।