बारिश के चलते हैबतपुर में आलू से भरे बोरों को प्लास्टिक की बोरियों से ढकता किसान रामजीवन।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। पिछले दो दिन तेज धूप निकलने के बाद गुरुवार रात अचानक मौसम ने पलटी खाई और तेज हवाओं के साथ कई क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गई जिससे ठंड का प्रकोप फिर बढ़ गया। वहीं, इस बारिश से रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं को फायदा पहुंचा है। हालांकि आलू व सरसाें को नुकसान पहुंचने की आशंका से किसान परेशान नजर आए।
पर्वतीय इलाकों में बारिश और हिमपात के कारण जिले में भी मौसम बदल गया। गुरुवार रात करीब 12 बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगी और आसमान में बादल छा गए। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। इसके बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे तक रुक-रुककर कई बार तेज तो कई बार बूंदाबांदी हुई।
जिसके चलते अधिकतम तापमान 27 से घटकर 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम पारा भी 13 से घटकर 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश से आलू की फसल सड़ने और रंग हरा होने की आशंका से किसानों ने फसल खोदनी शुरू कर दी है। गंजमुरादाबाद क्षेत्र के किसान अवधेश कुमार, श्यामू यादव, मन्ना, जाहिद अंसारी, रामनरेश कुशवाहा, देवकीनंदन, राजबहादुर कटियार व सरोज कटियार आदि ने बताया कि यह बारिश सिर्फ गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है लेकिन आलू और सरसों के लिए नुकसानदायक है।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि बारिश गेहूं के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। भविष्य में ज्यादा बारिश होगी तो आलू, सरसाें को नुकसान पहुंच सकता है। उधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में ओलावृष्टि व तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।