उन्नाव। हेल्थ केयर वर्कर के साथ फ्रंटलाइन वर्करों के शुरू हुए टीकाकरण में शुक्रवार को 1316 लोगों को टीका लगा। जिसमें डीएम, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी शामिल रहे। टीका लगवाने के बाद अधिकारियों ने लोगों को बिना किसी डर के टीका लगवाने का संदेश दिया।
चौथे चरण के दूसरे दिन हुए टीकाकरण में जिला महिला अस्पताल में डीएम रवींद्र कुमार, एडीएम राकेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट चंदन पटेल व एसडीएम न्यायिक अंकित शुक्ला ने टीका लगवाया। वहीं, पुरवा, सफीपुर व बांगरमऊ में एसडीएम को पहला टीका लगाया गया है।
हेल्थ केयर वर्कर में सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी व प्राइवेट स्वास्थ्य कर्मियों को जिला महिला अस्पताल सहित 15 स्वास्थ्य केंद्रों में टीका लगा। इसमें 1366 के सापेक्ष 1316 लोगों को टीका लगाया गया। जिला महिला अस्पताल सहित अचलगंज, हसनगंज, बांगरमऊ, असोहा, बिछिया, बीघापुर, फतेहपुर चौरासी, गंजमुरादाबाद, हिलौली मियागंज, सिकंदरपुर सरोसी, सफीपुर, पुरवा व सुमेरपुर स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण हुआ। दोपहर एक बजे तक टीकाकरण 56.5 फीसदी रहा। शाम तीन बजे टीकाकरण 84.9 फीसदी पहुंच गया और शाम छह बजे तक यह लक्ष्य 96.3 फीसदी पहुंचा।
ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने भी टीका लगवाने के बाद लोगों को जागरूक किया। टीकाकरण में फार्मासिस्ट नवीन त्रिवेदी का अहम योगदान रहा। कोविड टीकाकरण के प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि टीकाकरण के बाद किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई। फ्रंटलाइन वर्कर्स को अब 11, 12 व 18 फरवरी को टीका लगाया जाएगा।