मौरावां। हिलौली विकासखंड की ग्राम पंचायत लउवा ने अब तक नौ विधायक दिए हैं। वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित का यह पैतृक गांव है। पुरवा विधानसभा से सपा से चार विधायक रहे उदयराज यादव भी यहीं रहते हैं। इसके बावजूद गांव के लोग शुद्ध पानी और छुट्टा मवेशियों की समस्या से परेशान हैं।
ग्राम पंचायत लउवा में 22 मजरे हैं। इसमें हृदयनारायण दीक्षित लउवा और मजरे कूटीखेड़ा में सपा के उदयराज यादव रहते हैं। इसके अलावा सिंहनखेड़ा, शाहखेड़ा, बालमुकुंदखेड़ा, जमुनिहाखेड़ा, कालूखेड़ा, घोलेखेड़ा, राजाखेड़ा, केदारनाथखेड़ा, सीतारामखेड़ा, मटेहना कृपाखेड़ा, जनवारनखेड़ा व रामकिशुनखेड़ा मजरे हैं।
मुख्य मार्ग से गांव जाने वाले रास्ते में अंदर जाते ही कुछ बुजुर्ग पंचायत चुनाव की चर्चा में मशगूल दिखे। विकास कार्यों के बारे में पूछते ही बुजुर्गों के चेहरे के भाव बदल गए। बोले, शुद्ध पेयजल आज भी ग्रामीणों को उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। छुट्टा मवेशियों की समस्या भी जस की तस है। मवेशियों से फसलों को बचाने के लिए दिन-रात खेतों में ही डेरा डालने को मजबूर हैं। हालांकि पहले की अपेक्षा अब बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है।
ग्रामीणों को काफी सुविधाएं गांव में ही मिलने लगी हैं। गांव के काफी लोगों को बिजली कनेक्शन मिले हैं। गैस सिलिंडर भी मिला है। बुजुर्गों में लउवासिंहनखेड़ा, हिलौली व मवई को पूर्व में नगर पंचायत बनाने की घोषणा पूरी न होने की मायूसी दिखी। कहा कि नगर पंचायत बन जाए तो शायद शुद्ध पानी उपलब्ध हो सके। चुनाव के समय ही दावेदार गांव आते हैं। बड़े सपने दिखाते हैं लेकिन जीतने के बाद दिखाई नहीं देते हैं। (संवाद)
यह हैं प्रमुख मांगे
गांव में राजकीय इंटर कालेज के साथ डिग्री कालेज की स्थापना, खेल का मैदान यानि मिनी स्टेडियम, ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल और छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने की व्यवस्था।
गांव की उपलब्धियां
पेयजल टंकी, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, एएनएम सेंटर, बारातघर, सामुदायिक शौचालय, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय।
पूर्व विधायक के पिता चार बार रहे प्रधान
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सबसे अधिक पूर्व सपा विधायक उदयराज यादव के पिता हरिशंकर यादव ने चार पंचवर्षीय प्रधानी चलाई। एक बार उदयराज यादव की पत्नी फूलमती भी प्रधान बनीं थीं। 2015 में हिलौली ब्लाक प्रमुख बनने के लिए पिता ने बीडीसी चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। इस बार भी उदयराज यादव के पिता फिर से प्रधानी के लिए चुनावी मैदान में ताल ठोंकने उतर चुके हैं। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित कभी प्रधानी का चुनाव नहीं लड़े। हृदय नारायण दीक्षित पुरवा से 1985 निर्दलीय, 1989 जनता दल, 1991 जनता पार्टी, 1993 में सपा से विधायक रहे। 2017 में भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। उदयराज यादव पुरवा से 1996, 2002, 2007 और 2012 में सपा से विधायक रहे। 2017 में चुनाव हार गए।
--
ग्राम पंचायत की कुल आबादी-10 हजार
कुल मतदाता-6923
--
ग्रामीणों की बात
फोटो-21
साहबदीन गौतम ने कहा कि जलापूर्ति काफी खराब है। गैस सिलिंडर और बिजली कनेक्शन तो हो गया है लेकिन पानी की समस्या है। उच्च शिक्षा के लिए कालेज नहीं है।
फोटो-22
चन्नीलाल कहते हैं कि पंचायत चुनाव में इस बार उसे ही वोट देंगे जो गांव का समुचित विकास व हर गली पक्की, नाली व गरीबों को आवास दिलाने का वादा करेगा।
-
गांव में बना राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय।- फोटो : UNNAO