उन्नाव। महिला को भर्ती कराने गए युवकों ने नर्सिंगहोम के डॉक्टरों और स्टाफ के साथ मारपीट की। कई राउंड फायरिंग से सनसनी फैल गई। बाद में नर्सिंगहोम के स्टाफ ने फायरिंग करने वाले युवक को दबोच कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
शहर के मोहल्ला पूरन नगर में सेवा हास्पिटल के नाम से संचालित एक नर्सिंगहोम में रविवार शाम लोकनगर मोहल्ला निवासी अंशू यादव नाम का युवक कुछ लोगों के साथ एक महिला को इलाज के लिए लेकर पहुंचा। अस्पताल के डॉक्टर कासिम तनवीर से महिला का तुरंत इलाज करने को कहा।
इसपर उन्होंने बताया कि ओटी में डॉ. शहाबुद्दीन हिरन नगर निवासी एक मरीज की ड्रेसिंग कर रहे हैं इसके बाद महिला को ओटी में ले जाया जाएगा। इतना सुनते ही अंशू और उसके साथी ओटी में घुस गए और डॉक्टर से मारपीट करने के बाद महिला मरीज को लेकर दूसरे नर्सिंगहोम चले गए।
करीब आधा घंटा बाज अंशू यादव तीन गाड़ियों में करीब एक दर्जन युवकों के साथ सेवा हास्पिटल पहुंचा और डॉ. कासिम तनवीर से मारपीट करने लगा। स्टाफ ने बचाने का प्रयास किया तो उसने तमंचा निकाला और हवा में गोलियां दागना शुरू कर दिया।
नर्सिंगहोम के कर्मचारियों ने आसपास के लोगों की मदद से हमलावरों को घेरने का प्रयास किया तो साथ आए युवक भाग निकले, जबकि अंशू यादव नाम का युवक कार समेत भीड़ के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र रघुवंशी ने बताया कि डॉ. कासिम तनवीर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।