असोहा। तीन दिन के अंदर शनिवार को जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल दोबारा ब्लाक के गोद लिए गांव कांथा व सहरावां पहुंची। इस दौरान सहरावां वीडीओ अनुपस्थित मिला जिस पर डीएम ने उसे निलंबित करने का आदेश दिया।
कांथा के महिपतखेड़ा में लगे स्वास्थ्य कैंप में पांच बच्चों का अन्नप्राशन किया। वहीं गर्भवतियों से अपील की कि वह प्रसव नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही कराएं।
डीएम सौम्या अग्रवाल शनिवार को कांथा गांव पहुंची। यहां के मजरे महिपतखेड़ा में लगे स्वास्थ्य केन्द्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने 5 बच्चों को खीर खिलाई। डीएम ने कहा कि जच्चा व बच्चा दोनों स्वस्थ रहें इसके लिए समय-समय पर टीकाकरण व पौष्टिक आहार मिलना चाहिए।
डीएम ने गर्भवतियों से कहा कि वह सुरक्षित प्रसव के लिए एएनएम व आशा की मदद से स्वास्थ्य केंद्र जाएं। निर्देश दिए कि गर्भवतियों की समय-समय पर जांच की जाए। जिला कार्यक्रम अधिकारी शीरी मसूद ने कहा कि बेटियां दो परिवारों को जोड़ती हैं। महिलाएं छह माह तक बच्चों को केवल अपना ही दूध पिलाएं। दो साल तक बच्चों को दूध के साथ पौष्टिक आहार भी दें।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने छह माह के पांच बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इससे पहले ब्लाक प्रमुख राजकुमार रावत ने डीएम को बुके देकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में एसडीएम पुरवा विवेक चतुर्वेदी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके गौतम, सीडीपीओ श्रीमान श्रीवास्तव, बीडीओ श्रवण कुमार आदि रहे। कांथा के महिपतखेड़ा से निकलने के बाद डीएम सहरावां गांव पहुंची।
यहां पर वीडीओ विजय कुमार रावत के अनुपस्थित रहने पर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। निर्देश दिए कि कुपोषण दूर करने के लिए चलाई जा रही योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।