उन्नाव की मियागंज ग्राम पंचायत का नाम बदल कर मायागंज रखने की बात कहकर 2017 के चुनाव में वोटों का ध्रुवीकरण और सफीपुर में जीत हासिल करने में सफल रही भाजपा ने अब इस पर अमल शुरू कर दिया है। क्षेत्रीय विधायक की प्रयासों से ग्राम पंचायत ने नाम बदलने का प्रस्ताव पास कर दिया है।
एसडीएम की संस्तुति के बाद डीएम ने अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज को आगे की कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सफीपुर प्रत्याशी बंबालाल दिवाकर के समर्थन में हुई जनसभा में आए तत्कालीन गोरखपुर सांसद (अब मुख्यमंत्री) योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर ग्राम पंचायत मियागंज का नाम बदलकर मायागंज करने का वादा किया था।
इसके बाद सरकार भी बनी और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री भी बने लेकिन साढ़े चार साल तक मामला ठंडे बस्ते में रहा। अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही फिर से इस मामले ने तेजी पकड़ी है। सफीपुर विधायक ने 31 जुलाई को डीएम को दिए पत्र में बताया कि मियागंज का पुराना नाम भूपतिखेड़ा है।
इसलिए नाम मायागंज या भूपतिखेड़ा रखा जाए। डीएम रवींद्र कुमार ने पत्र के आधार पर एसडीएम हसनगंज से आख्या मांगी। एसडीएम ने बीडीओ मियागंज को पत्र भेजा। बीडीओ राजीव कुमार सिंह ने 16 अगस्त को प्रधान नजमा की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत की खुली बैठक कराई।