उन्नाव में एक युवक ने दूसरे धर्म की युवती को झांसे में लेकर बिना परिजनों की जानकारी के कचहरी में नोटरी के जरिये शादी करने की कोशिश की। भनक लगने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। बजरंग दल ने लव जिहाद का मामला बताकर विरोध शुरू कर दिया।
पुलिस पहुंची और दोनों को महिला थाना ले गई। युवती के मामा ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है। शहर के एक मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय युवक ने पड़ोस की दूसरे वर्ग की 22 वर्षीय युवती को झांसे में लेकर शादी करने के लिए मंगलवार को कचहरी में नोटरी वकील के बस्ते पर पहुंच गया।
कागजात तैयार होने के दौरान किसी ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को जानकारी देनी चाहिए। बजरंग दल कार्यकर्ता कचहरी पहुंचे और लव जिहाद का मामला बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी युवक की मां भी बस्ते पर मौजूद थी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक से हाथापाई शुरू कर दी। सूचना पर महिला दरोगा लक्ष्मीबाला पहुंची।
आरोपी युवक की मां के हंगामा करने पर और पुलिसकर्मी बुलाए गए। युवक व युवती को महिला थाना ले जाया गया। युवती ने बताया कि उसे बरगलाकर युवक कचहरी लेकर पहुंचा था। इस पर युवक व उसकी मां को लेकर पुलिस सदर कोतवाली चली गई। युवती के मामा का आरोप है कि युवक झांसे में लेकर भांजी को कचहरी ले जाकर शादी के लिए नोटरी कागजात तैयार करा रहा था।