उन्नाव जिले में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक को गांव के ही किराना दुकानदार ने पीट दिया, जिससे आहत होकर युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने पर चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी किराना दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
सदर कोतवाली के मसवासी निवासी राजकुमार का पुत्र श्यामजी उर्फ शोभानाथ (21) पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। रविवार की शाम श्याम जी का बड़ा भाई विष्णु गांव के सूरज की दुकान पर पान मसाला खरीदने गया था। रात होने की बात कह सूरज ने पान मसाला देने से मना कर दिया।
इस पर विष्णु व सूरज के बीच कहासुनी हुई। आसपास के लोगों ने रात में मामला शांत करा दिया। सुबह लगभग 10 बजे विष्णु फिर से सूरज की दुकान पहुंचा और रात में पान मसाला न देने की बात पर उलझ गया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई।
जानकारी होने पर विष्णु का छोटा भाई श्याम जी बीच-बचाव करने पहुंचा तो दुकानदार सूरज व उसके साथ के लोगों ने उसकी भी पिटाई कर दी। गांव वालों के सामने हुई पिटाई से श्याम जी इतना आहत हुआ कि घर से तीन सौ मीटर दूर दूसरे घर में भूसे वाले कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी पर सदर कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र व मगरवारा चौकी प्रभारी अखिलेश यादव मौके पर पहुंचे और जांच कर दुकानदार सूरज को हिरासत में ले लिया। मृतक के बड़े भाई विष्णु की तहरीर पर पुलिस ने सूरज व तीन अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। सूरज को मौके से ही पुलिस ने गिरफ्तार किया है।