फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिर घर में नजरबंद किए गए किसान नेता

विज्ञापन
बीघापुर के मलौना में किसान नेताओं से ज्ञापन लेते एसडीएम व सीओ। - फोटो : UNNAO
विज्ञापन
उन्नाव। किसान संगठनों के सांकेतिक हाईवे जाम की घोषणा से पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। प्रशासन ने कई किसान नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया। कुछ बाहर निकले तो उनसे ज्ञापन लेकर वापस घर भेज दिया गया। एक गुट ने महिला नेत्री के नेतृत्व में कलक्ट्रेट के बाहर धरना दिया। बार एसोसिएशन ने भी किसान आंदोलन के समर्थन में पूरे दिन का कार्य बहिष्कार रखा। हाईवे व अन्य प्रमुख मार्गों के साथ रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल तैनात रहा।
विज्ञापन

फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस ने भाकियू राष्ट्रवादी के प्रदेश प्रवक्ता अशोक तिवारी, महिला जिलाध्यक्ष किरन पांडेय, जिलाध्यक्ष रामकरन सिंह सहित केडी बाजपेई, रमेश त्रिपाठी व वीरबहादुर सिंह को घर में ही नजरबंद रखा। गंजमुरादाबाद में भाकियू जिला सचिव ठाकुर प्रसाद यादव को उनके गांव हैबतपुर में सुबह से नजरबंद कर दिया गया। भाकियू के तहसील अध्यक्ष रामसनेही यादव को ग्राम लहरापुर में और ब्लाक अध्यक्ष रघुवीर सिंह यादव ग्राम गुलाबपुरवा में नजरबंद रहे। दोपहर तीन बजे पुलिस घरों से वापस लौटी। सफीपुर में भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष रामसजीवन के घर देवगनमऊ में सुबह से ही पुलिस ने पहुंचकर डेरा जमा लिया। बाद में कार्यकर्ताओं के एकत्रित होने की सूचना पर एसडीएम सत्यप्रिय सिंह व सीओ कृपाशंकर ने गांव पहुंचकर ज्ञापन लिया।
बीघापुर तहसील क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन और पुलिस अधिकारी दिनभर सक्रिय रहे। भाकियू भानु गुट के अध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ला भी घर पर ही पुलिस के साये में रहे। एसडीएम दयाशंकर पाठक ने गांव लालताप्रसादखेड़ा जाकर नौ सूत्रीय ज्ञापन लिया। भाकियू राजनैतिक टिकैत ग्रुप के जिला उपाध्यक्ष मुन्ना सिंह देवारा, तहसील प्रभारी बीवी सिंह भदौरिया, तहसील अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह से मलौना जाकर ज्ञापन लिया गया।
विज्ञापन

समर्थन में वकीलों ने नहीं किया काम
उन्नाव बार एसोसिएशन ने सदन बुलाकर केंद्र सरकार पर कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया। अधिवक्ता जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। अध्यक्ष रामशंकर सिंह यादव व महामंत्री जितेंद्र कुमार जीतू ने कहा कि कानून वापस न होने पर किसान बिचौलियों की गिरफ्त से उबर नहीं सकेंगे। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष दीप नारायण त्रिवेदी, गिरीश मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मो. फजल करीम, मंत्री ज्योत्सना गोयल, दिलीप शुक्ल व संदीप यादव मौजूद रहे।
एक्सप्रेसवे और राजमार्गों पर तैनात रही पुलिस
सांकेतिक जाम की घोषणा पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, कानपुर-लखनऊ हाइवे समेत अन्य राजमार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आशुतोष त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर शाम तक डटे रहे। थाना बेहटामुजावर प्रभारी निरीक्षक अजयराज वर्मा बांगरमऊ संडीला मार्ग पर ग्राम रामकोट के पास मुस्तैद रहे। बैरियर लगाकर वाहनों और संदिग्धों की जांच भी की गई। नगर पुलिस चौकी प्रभारी रामजीत यादव भी गश्त करते रहे। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सोहरामऊ टोल के पास पुलिस बल तैनात रहा। दहीचौकी पर सीओ सिटी गौरव त्रिपाठी व कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
मंडल अध्यक्ष ने कलक्ट्रेट के बाहर धरना दिया
भाकियू अराजनैतिक टिकैत गुट की मंडल अध्यक्ष गुड्डी रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के बाहर धरना दिया। इस दौरान कृषि कानून और दिल्ली में भाकियू नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की गई। राष्ट्रीय किसान मंच की उन्नाव इकाई ने बैठक करके दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन का समर्थन किया। इस दौरान अध्यक्ष पंकज दीक्षित, रवींद्र सोनकर, वीरेंद्र कुमार, रमेश यादव मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें