फोरलेन निर्माण में कार्यदायी संस्था की लापरवाही से उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर सफर और भी जोखिम भरा होता जा रहा है। पहले तो यहां पर सिर्फ गड्ढे ही परेशानी बढ़ाते थे लेकिन अब बीच रोड तक पड़ी निर्माण सामग्री मुसीबत का सबब बनती जा रही है। आए दिन दुर्घटनाएं व वाहनों के खराब होने से लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है। लगातार शिकायतों के बाद भी अधिकारी मौन साधे हैं।
उन्नाव-शुक्लागंज राजमार्ग पर हो रहे फोरलेन निर्माण के कार्य में निर्माण कंपनी की ओर से लोगों की सुविधाओं का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कंपनी के कर्मचारी मनचाहे तरीके से निर्माण सामग्री को बीच रोड पर डाल देते हैं और इसके लिए कोई संकेतक भी नहीं लगाया जाता है। दिन के अलावा रात में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई बार तो वाहन चालक गिट्टी व मौरंग आदि के ढेरों को देख नहीं पाते हैं और निर्माणधीन पुलिया में टकराकर कुछ तो दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं और कुछ छोटे वाहन इन्हीं पुलिया में चले जाते हैं और इससे वाहन सवार गंभीर रूप से घायल भी हो जाते हैं। लेकिन इस ओर कंपनी अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है। इस बारे में निर्माणदायी कंपनी राज श्यामा कंस्ट्रक्शन प्राईवेट लिमिटेड के साइट इंजीनियर आदर्श केशरवानी ने कहा कि सभी निमार्णाधीन पुलिया पर संकेतक लगवा दिए गए हैं और रोड पर मैटेरियल न डालने के लिए भी कर्मचारियों से कहा गया है। इसके बाद भी यदि कहीं इस आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है तो इसे लेकर सख्ती की जाएगी।