पुलिस पर मनमानी का आरोप लगा पीड़ा बताता ओमप्रकाश द्विवेदी। संवाद
- फोटो : UNNAO
फतेहपुर चौरासी। थाना के प्रभारी निरीक्षक पर कस्बे के युवक ने मनमाना रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार प्लॉट पर अवैध रूप से हो रहे निर्माणकार्य को रुकवाने की मांग लेकर शनिवार को थाना समाधान दिवस पहुंचने पर उसे दुत्कार कर भगा दिया गया। एसडीएम, एसपी और सीओ को फोन कर निर्माणकार्य न रुकने पर आत्महत्या की धमकी देने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माणकार्य रुकवाया।
कस्बा के मोतीनगर निवासी पूर्व सभासद ओमप्रकाश द्विवेदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में ओमप्रकाश ने प्रभारी निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया कि कुछ लोग उसके एक बिसुआ प्लॉट पर कब्जे की नीयत से निर्माण कार्य करा रहे थे। शनिवार को निर्माणकार्य होता देख उसने रोका तो जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित का आरोप है कि थाना समाधान दिवस में एसओ राय सिंह को शिकायती पत्र देकर निर्माणकार्य रोके जाने की मांग की तो उन्होंने एसडीएम का दरवाजा खटखटाने की बात कह चलता कर दिया।
लेखपाल से फोन पर पीड़ा बताई तो उन्होंने सोमवार को मामला निस्तारण कराने की बात कही। रविवार को फिर से निर्माण कार्य होता देख वह थाना पहुंचा और एसओ को जानकारी दी। इस बार पुलिस ने उसे अपशब्द कहते हुए भगा दिया। पीड़ित के अनुसार उसने एसपी दिनेश त्रिपाठी, सीओ एके राय व एसडीएम को फोन पर पीड़ा बताई और निर्माणकार्य न रुकने पर आत्महत्या करने की बात कही। जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवाया। प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि आरोप निराधार हैं, पीड़ित के प्लॉट पर हो रहे कब्जे को रुकवा दिया गया है।