उन्नाव। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज शहर आएंगे। उनके कार्यक्रम के प्रस्तावित रूट के मार्गों को लोकनिर्माण विभाग ने चमका दिया है लेकिन शहर से लेकर गांव तक सैकड़ों ऐसे मार्ग हैं जो पूरी तरह से गड्ढों में समा चुके हैं। इन मार्गों पर आम जनता हिचकोले खाते सफर कर रही है लेकिन अधिकारियों की इन खस्ताहाल सड़कों पर नजर नहीं पड़ रही है।
जनपद की अधिकांश सड़कें गड्ढाें में समाई हुई हैं। शहर के मुख्य बड़े व छोटे चौराहे की सड़क काफी क्षतिग्रस्त है। सबसे खराब हालत लोकनगर क्रॉसिंग से जुराखनखेड़ा जाने वाले मार्ग की हो गई है। बारिश होने से गड्ढों में पानी भर गया है। कमोबेश यही हाल शिवनगर, पीतांबर नगर, कृष्णानगर, गांधीनगर तिराहा, छोटा चौराहा आदि मार्गों का भी है। इसके अलावा कासिफअली सराय, तकीनगर, इब्राहिमाबाद, अनवार नगर, जेल रोड, हरदोई रोड बाइपास मार्ग, पूरन नगर और शहर के एकल मार्ग कई स्थानों पर खस्ताहाल है। हालांकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम को देखते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने रविवार को बड़े, छोेटे चौराहे समेत लोकनगर की सड़कों की पैचिंग युद्धस्तर पर कराने की कसरत शुरू कर दी।
वहीं, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से निराला प्रेक्षागृह मार्ग की भी मरम्मत कराई गई है लेकिन इसके अलावा शहर और ग्रामीण इलाकों में कई ऐसे मार्ग हैं जो पूरी तरह से दम तोड़ चुके हैं। डामर गायब हो चुका है। गिट्टियां बाहर झांकने लगी हैं। आम जनता जान जोखिम में डालकर इन रास्तों पर सफर करने को मजबूर है लेकिन अधिकारी मंत्री को सब चमाचम दिखाने के लिए उनके रूट के रास्तों के गड्ढे भराने में जुटे हुए हैं।
यह मार्ग भी हैं क्षतिग्रस्त
-9 किमी लंबा हसनगंज का खपरा मुस्लिम बार्डर उलरापुर धौरा संपर्क मार्ग
-सात किमी लंबा बिछिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत सोनिक मोड़ से दुर्गाखेड़ा संपर्क मार्ग
-नवाबगंज विकासखंड का 15 किमी लंबा अजगैन-बिरसिंहपुर मार्ग
-बिछिया ब्लॉक का दुर्गाखेड़ा डामररोड से पिपरोसा संपर्क मार्ग
-हसनगंज का अजगैन-मोहान मार्ग
-असोहा का मंगतखेड़ा-तूरी व धौरहरा से भादीन संपर्क मार्ग
-बिहार-खीरो संपर्क मार्ग 2 किलोमीटर
-पाटन-धानीखेड़ा से तलिहाई संपर्क मार्ग 3 किलोमीटर
-बिहार बक्सर मार्ग से पनई खुर्द मार्ग