बक्सर घाट स्थित गंगा नदी में डूबे युवक की तलाश करते एसडीआरएफ की टीम। संवाद
- फोटो : UNNAO
बारासगवर। गुरु पूर्णिमा पर्व पर बक्सर घाट पर गंगा में स्नान के दौरान डूबे किशोर का रविवार को दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा। राज्य आपदा मोचन बल के अलावा पीएसी के जवानों ने 10 किमी तक तलाश की। टीमों के असफल होने पर परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के लखनापुर गांव निवासी संतोष का पुत्र राजकुमार (17) शनिवार को अपने दोस्त संदीप, रंजीत, सुमित व बचनबाबू के साथ बक्सर घाट पर गंगा स्नान करने गया था।
नहाने के दौरान गहराई में चले जाने से राजकुमार डूब गया था। पुलिस ने शुक्लागंज से गोताखोरों की मदद से राजकुमार की तलाश कराई थी, पर उसका पता नहीं चल पाया था। रविवार को डूबे किशोर की तलाश में गोताखोरों के अलावा राज्य आपदा मोचन बल व 47 बटालियन पीएसी को लगाकर खोजबीन कराई गई। कड़ी मशक्कत के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। सीओ एके राय ने बताया कि रविवार को भी टीमों की मदद से डूबे किशोर की तलाश कराई पर उसका पता नहीं चल सका है।