हसनगंज(उन्नाव)। बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के नीचे सोए क्लीनर की मौके पर मौत हो गई, जबकि कंटेनर का चालक भी घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ट्रक क्लीनर के शव का पोस्टमार्टम करा पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।
सीतापुर जिले के थाना अटरिया के रामनगर निवासी सर्वेश (23) पुत्र मूलचंद्र ट्रक में क्लीनर था। शनिवार रात वह ट्रक में बालू लोडकर चालक के साथ लखनऊ जा रहा था। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के सैरपुर गांव के पास ट्रक खराब हो गया, जिस पर चालक ने ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया और क्लीनर को ट्रक के नीचे लेटने की बात कह खुद केबिन में सो गया। देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक में पीछे से घुस गया। कंटेनर की चपेट में आकर ट्रक के नीचे सो रहे क्लीनर सर्वेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि कंटेनर चालक मैनपुरी जिला के ओछा निवासी शत्रुघ्न (28) पुत्र प्रेम सिंह घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृत क्लीनर सर्वेश तीन भाइयों में छोटा था। उसकी मौत की खबर पाकर बड़े भाई प्रवेश, प्रभाकर, मां कांति का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता मूलचंद्र ने ट्रक मालिक के खिलाफ तहरीर दी है।