उन्नाव। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद के 48 पर्चे वापस हुए। इसके अलावा प्रधान पद के लिए अलग-अलग ब्लॉकों से 500 से अधिक दावेदार मैदान छोड़ गए। शेष बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। पहुंचे प्रत्याशियों ने कोविड प्रोटोकाल को अनदेखा कर दिया।
13 व 15 अप्रैल को हुए नामांकन प्रक्रिया में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 647 पर्चे दाखिल हुए थे। 16 व 17 अप्रैल को जांच के दौरान 12 पर्चे खारिज हो गए थे। शेष में 48 दावेदारों ने रविवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर पर्चा वापस ले लिया। इसके बाद चुनावी दंगल में बचे 587 प्रत्याशी चुनाव चिह्न लेने के लिए कलक्ट्रेट पहुंच गए। सैकड़ों प्रत्याशियों के पहुंचने से अफरातफरी मच गई। सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका कक्ष में मौजूद रहीं। लेकिन वह मीडिया के लोगों को ऐसे एंगल से फोटो लेने की सलाह देतीं रहीं जिसमें भीड़ नजर न आए। नाम वापसी के बाद सबसे ज्यादा जिला पंचायत प्रत्याशी औरास द्वितीय में 21 मैदान में हैं। नवाबगंज प्रथम, सिकंदरपुर कर्ण तृतीय, बीघापुर द्वितीय व हिलौली तृतीय से छह- छह प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कमोबेश यही स्थिति ब्लॉक कार्यालयों की भी रही।
भीड़ अधिक होने से प्रत्याशियों को धूप में लाइन लगाकर खड़े होना पड़ा। प्रधान पद के 500 से अधिक पर्चे वापस हुए। कई ब्लाकों में रविवार रात 8 बजे तक नाम वापस लेने वालों की गिनती होती रही। प्रधान पद के लिए 7972 नामांकन हुए थे। बीघापुर में प्रत्याशी पानी को तरसते रहे। धूप में जमीन में महिला प्रत्याशी चुनाव चिह्न मिलने का इंतजार करती रही। पुरवा में निरीक्षण को पहुंचे एसडीएम राजेश चौरसिया को मौके पर बीडीओ नहीं मिले। जिस पर एसडीएम ने सीडीओ को रिपोर्ट भेजने की बात कही। एडीओ शिव ओम, पत्नी की तबियत खराब होने और एसडीएम से छुट्टी की गुहार लगाते रहे। वहीं, मास्क न लगाए मिलने पर 35 लोगों से 12 हजार रुपये जुर्माना वसूला। इसके अलावा एक प्रत्याशी काली फिल्म चढ़ी सफारी कार से चुनाव चिह्न लेने पहुंचा। जिस पर कोतवाल अजय त्रिपाठी ने काली फिल्म हटवाते हुए ऑनलाइन चालान कर दिया।
अवैध चुनाव प्रचार सामग्री रखने में दो पर रिपोर्ट
हसनगंज संवाद के अनुसार ब्लॉक परिसर के पास चुनाव प्रचार संबंधित अवैध सामग्री को कोतवाली पुलिस ने जब्त कर सील कर दिया। पुलिस ने ब्लॉक गेट से कुछ ही दूरी पर सहिलामऊ मलिहाबाद निवासी कमरूल हसन व आनंद ब्लॉक को अवैध रूप से चुनाव प्रचार सामग्री की बिक्री करने की सूचना पर छापा मारा। पुलिस ने दोनों पर रिपोर्ट दर्ज कर सामग्री व एक लोडर को सीज कर दिया।
नामांकन के बाद दो प्रत्याशियों की मौत
सफीपुर संवाद के अनुसार जिला पंचायत में सफीपुर क्षेत्र द्वितीय से प्रत्याशी संगीता गौतम की बुखार से मौत हो गई। उनवा ग्राम पंचायत के सरजूखेड़ा निवासी कमलेश गौतम की पत्नी संगीता गौतम पहली बार चुनाव में भाग्य आजमा रहीं थी। एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थीं। कानपुर में इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। वहीं, पुरवा विकासखंड की ग्राम पंचायत त्रिपुरारपुर के वार्ड द्वितीय से रीता देवी (50) बीडीसी का चुनाव लड़ रही थी। दो दिन पूर्व उनके पति प्रमोद कुमार की हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। रविवार को रीता की घर पर तबीयत बिगड़ी, परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।