उन्नाव। शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में चयनित हुए शिक्षकों को स्कूल न मिलने तक उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) कैंपस के स्काउट गाइड सभागार में जाकर उपस्थिति लगानी होगी। हस्ताक्षर करने के लिए पुरुष व महिला शिक्षिकाओं का अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है।
बीएसए प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शामिल जिले के 889 अभ्यर्थियों को शुक्रवार को लखनऊ में नियुक्ति पत्र मिलने के बाद जिन शिक्षकों का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बन चुका है, वह 19 अक्तूबर से डायट जाकर अपने हस्ताक्षर करेंगे। महिला शिक्षिकाओं के हस्ताक्षर सुबह 10 से 12 बजे तक व पुुरुष शिक्षक दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर करेंगे। हस्ताक्षर करने में कोरोना की गाइडलाइन का ध्यान रखा जाएगा। जिन शिक्षकों ने अभी पदभार ग्रहण नहीं किया है, वह शिक्षक भी सभी दस्तावेजों के साथ स्काउट गाइड भवन में बने काउंटर में जाकर अपनी फाइल जमा कर पदभार ग्रहण करेंगे।