पटाखों की खरीदारी करते लोग। आर्काइव
उन्नाव। दिवाली के त्योहार पर बाजारों में पांच दिनों तक रौनक रही। धनतेरस से दिवाली तक सराफा, ऑटोमोबाइल, कपड़ा, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई, पटाखा और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। व्यापारियों के मुताबिक पांच दिनों में जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है।
सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की जमकर खरीदारी हुई। कारोबारियों के अनुसार इस बार करीब 55 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। चांदी की पायल, बिछिया, सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की मांग रही। ऑटोमोबाइल कारोबारियों के मुताबिक पांच दिनों में करीब नौ करोड़ रुपये के वाहनों की बिक्री हुई। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी ग्राहकों ने नए मॉडल और 5जी फोन पसंद किए। करीब चार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
कपड़ा बाजार में भी त्योहार का असर दिखाई दिया। नए कपड़ों और परिधानों की खरीदारी से करीब 18 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। मिठाई और ड्राई फ्रूट की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। व्यापारियों के अनुसार करीब 20 करोड़ रुपये की बिक्री हुई। दिवाली पर पटाखा बाजार भी गुलजार रहा। जिले के 21 थाना क्षेत्रों में 15 स्थानों पर पटाखों की 197 स्थायी और अस्थायी दुकानें लगाई गई थीं। इन दुकानों पर लोगों ने रॉकेट, चकरी, फुलझड़ी और अनार की खरीदारी की। ग्रीन पटाखों की भी मांग रही। व्यापारियों के मुताबिक करीब नाै करोड़ के पटाखे बिके हैं। इसके अलावा सजावटी लाइट, झालर, झूमर और पूजन सामग्री की दुकानों पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला अध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव ने बताया कि धनतेरस और दिवाली का पर्व महीने की शुरुआत में होने से व्यापार अच्छा रहा। साइकिल से लेकर कार और जेवर से लेकर कपड़े, मिठाई व पूजन सामग्री तक की अच्छी बिक्री हुई। कहा कि जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
पटाखों की खरीदारी करते लोग। आर्काइव
पटाखों की खरीदारी करते लोग। आर्काइव