पुरवा। सेलेक्ट्रा मशीन खराब होने से 36 दिनों से ठप खून की जांच बृहस्पतिवार को दोबारा शुरू हो गई। मशीन शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों के चक्कर लगाने से निजात मिली है।
विज्ञापन
सीएचसी में मरीजों की निशुल्क जांच के लिए बीपीएचयू लैब में सेलेक्ट्रा मशीन लगाई गई थी। इसके जरिये मरीजों की लीवर, किडनी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल समेत अन्य जांच की जाती है। हालांकि वोल्टेज के उतार-चढ़ाव से मशीन खराब हो गई थी। इससे मरीजों को निजी पैथोलॉजी में महंगे दामों पर जांच करानी पड़ रही थी। लंबे समय से खराब पड़ी मशीन को बुधवार शाम इंजीनियर ने ठीक कर दिया। इसके बाद बृहस्पतिवार को दोबारा जांच शुरू हुई। इस दौरान 33 मरीजों की खून की जांच की गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि सेलेक्ट्रा मशीन चालू हो गई है और मरीजों की जांचें शुरू कर दी गई हैं। इससे मरीजों को जांच के लिए निजी की पैथोलॉजी का सहारा लेना नहीं पड़ेगा।