प्रदर्शन के दौरान जाम में फंसे वाहन। स्रोत: पाठक
उन्नाव। सात साल से टूटी पुलिया, जर्जर सड़क और जलनिकासी की समस्या झेल रहे जुराखान खेड़ा के लोगों की शिकायतों पर जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। इससे नाराज मोहल्लेवासियों ने बृहस्पतिवार को लोकनगर-पूरन नगर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध जताया।
दोपहर करीब 12 बजे सड़क पर उतरे मोहल्लेवासियों ने आवागमन रोक दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और करीब 40 मिनट तक यातायात ठप रहा। मोहल्लेवासियों का कहना है कि नाले पर बनी पुलिया करीब सात साल से क्षतिग्रस्त है। पुलिया टूटी होने के कारण अब तक करीब पांच बच्चे नाले में गिर चुके हैं। इसके बावजूद न तो पुलिया की मरम्मत कराई गई और न ही सड़क व नाला निर्माण शुरू हुआ।
मोहल्ले के अरुण कुमार और दिलीप प्रकाश ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए विधायक, सांसद और नगर पालिका के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। जनवरी 2026 में पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने सड़क और नाला निर्माण कराने का भरोसा दिया था। इसके 10 महीने बाद भी काम शुरू नहीं हुआ।
मौके पर पहुंचे सदर कोतवाल चंद्र प्रकाश मिश्रा ने प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की बात कही। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने जाम समाप्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा और न ही निर्माण शुरू कराने का ठोस आश्वासन मिला।
वर्जन...
पुराना नाला का दोनों तरफ का कुछ हिस्सा टूटा है, चौड़ा नाला होने से बिना टेंडर के काम नहीं कराया जा सकता। अगली बोर्ड बैठक में कार्ययोजना में शामिल करके निर्माण कराया जाएगा। -श्वेता मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष