उन्नाव। नाबालिग को बहलाकर ले जाने और दुष्कर्म के 10 साल पुराने मामले में अभियोजन पर्याप्त साक्ष्य नहीं पेश कर सका। अभियोजन पक्ष की कमजोर पैरवी और साक्ष्यों के अभाव में एडीजे कोर्ट संख्या-12 (पॉक्सो प्रथम) ने आरोपी अजय को बरी कर दिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 17 सितंबर को 2016 की रात दो बजे डेराबाला पीपरखेड़ा गैर अहतमाली गांव निवासी अवधेश ने 16 वर्षीय बेटी को अलग-अलग नंबरों से फोन किया। बेटी को बहलाकर मिलने बुलाया और दो साथियों संग उसे ले गया। पिता की तहरीर पर 25 फरवरी 2017 को कोतवाली में अपहरण और पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई।
मुकदमे में अभियोजन ने छह गवाह पेश किए, हालांकि सुनवाई के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास रहा। साथ ही अभियोजन घटना से जुड़ा कोई भी प्रत्यक्षदर्शी गवाह पेश नहीं कर सका। पीड़िता ने अदालत में अभियोजन की कहानी के विपरीत बयान दिया। कहा कि उसके पिता शराब पीकर मारपीट करते थे और उसकी शादी दोगुनी उम्र के व्यक्ति से कराना चाहते थे, जिससे परेशान होकर वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर अवधेश के पास गई थी। उसने दुष्कर्म और अपहरण से इन्कार करते हुए बताया कि आरोपी उसे बहलाकर नहीं ले गया था और न ही उसकी इच्छा के विरुद्ध कोई शारीरिक संबंध या बलात्कार किया। दोनों ने शादी कर ली है और वह पति-पत्नी की तरह शांतिपूर्ण वैवाहिक जीवन बिता रहे हैं। इसके साथ ही अभियोजन पीड़िता की उम्र साबित करने में विफल रहा।
स्कूल के एसआर रजिस्टर और स्थानांतरण प्रमाणपत्र में जन्मतिथि 12 फरवरी 2002 दर्ज थी, लेकिन इन्हें प्रमाणित कराने के लिए जन्मतिथि दर्ज करने वाले जिम्मेदार व्यक्ति को अदालत में पेश नहीं किया गया। स्कूल की प्रधान शिक्षिका ने भी स्वीकार किया कि उन्होंने पीड़िता का प्रवेश नहीं लिया था और न ही जन्मतिथि दर्ज की थी। सीएमओ के आयु प्रमाणपत्र और मेडिकल परीक्षण में पीड़िता की उम्र करीब 20 वर्ष पाई गई। इसपर न्यायाधीश शैलेंद्र सिंह यादव ने मेडिकल साक्ष्य और गवाहियों में विरोधाभास को देखते हुए आरोपी को बरी कर दिया।