उन्नाव। संक्रामक रोग विभाग की निष्क्रियता से जिले में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में एक और युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में डेंगू पॉजिटिव मरीजाें की संख्या बढ़कर 14 पहुंच गई है।
बारिश के मौसम में मच्छर जनित बीमारियां तेजी से फैलती हैं। बीमारियों पर नियंत्रण के लिए हर साल संक्रामक रोग विभाग अभियान चलाकर मच्छरों के खात्मे का दावा करता है। इसके लिए भारीभरकम रकम भी खर्च की जाती है। इसके बावजूद मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। बिछिया ब्लॉक के पड़री कला गांव निवासी 19 वर्षीय डेंगू संक्रमित मिला है। परिजनों के मुताबिक कई दिनों से बुखार आने पर उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल में जांच कराई गई थी। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक डेंगू के मरीजों में प्लेटलेट्स का स्तर तेजी से गिरता है। कई बार मरीज लक्षणों को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। इससे बीमारी एडवांस स्टेज में पहुंच जाती है। ऐसे में तेज बुखार, उल्टी, आंख, जोड़ों व मांसपेशियों में दर्द जैसे संभावित लक्षण होने पर चिकित्सकीय परामर्श जरूर लेना चाहिए।