फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: लोड बढ़ा तो पिघलकर दो जगह चिपका तार, सात घंटे बिजली ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। उमस भरी गर्मी में बिजली की खपत बढ़ी तो कब्बाखेड़ा उपकेंद्र ओवरलोड हो गया। इससे सोनिक से आई लाइन का तार एक जगह टूट गया। दो जगहों पर तार आपस में चिपकने से आपूर्ति ठप हो गई। लगातार दूसरे दिन घंटों बिजली न आने से आक्रोशित लोग उपकेंद्र पहुंचे और हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची और अधिकारियों से बात कर जल्द आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। रात अधिक होने से फाल्ट को खोजने और मरम्मत करने में सात घंटे लग गए। रात 11 बजे गुल हुई बिजली सुबह छह बजे आई और करीब 60 हजार आबादी परेशान रही।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे सोनिक से कब्बाखेड़ा को आई 33केवी लाइन ब्रेकडाउन (फाल्ट) में चली गई। इससे कब्बाखेड़ा उपकेंद्र से जुड़े सिविल लाइन, पुलिस लाइन, ऑफिसर्स व जजेस कॉलोनी, मौहारीबाग, पूरननगर, लोकनगर, किशोरीखेड़ा आदि क्षेत्रों की बिजली ठप हो गई। मामले की जानकारी होने पर जेई कमलेश प्रजापति ने कर्मचारियों के साथ पेट्रोलिंग शुरू की। सोनिक से कब्बाखेड़ा को आई लाइन का बड़ा हिस्सा जंगल क्षेत्र में पड़ता है। रात होने के कारण फाल्ट ढूंढने में दिक्कत आई। इसी बीच बिजली न आने पर क्षेत्र के लोग कब्बाखेड़ा उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा करने लगे। मौके पर एसएसओ ही मौजूद थे। इसी बीच सूचना पर पुलिस पहुंची और जेई से बात की। जेई ने पेट्रोलिंग करने और जल्द आपूर्ति बहाल कराने की बात कही तो लोग करीब एक घंटे बाद वापस लौट गए। वहीं कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग में एक जगह तार टूटा पाया तो उसकी मरम्मत शुरू की। करीब आधे घंटे बाद जब तार जुड़ा तो आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया लेकिन लाइन चालू नहीं हो सकी तो दोबारा फिर खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दो जगह तार आपस में चिपके मिले। मरम्मत में सुबह हो गई और करीब छह बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।


इंसेट-1

लगातार दूसरी रात जागने के लिए मजबूर एक लाख आबादी
बुधवार रात भी 33केवी लाइन में फाल्ट के चलते 11 बजे गुल हुई बिजली सुबह चार बजे आई थी। इस कारण उस रात भी एक लाख की आबादी को मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। यही स्थिति बृहस्पतिवार रात भी हुई और रात में गई बिजली सुबह चालू हो सकी। इससे लोग लगातार दूसरी रात रतजगा करने को मजबूर हुए।
विज्ञापन

वर्जन...
गर्मी अधिक पड़ने से बिजली की खपत बढ़ गई है। इसी कारण उपकेंद्र ओवरलोड हो रहा है। रात में इसी कारण तार टूटने व चिपकने की घटनाएं हुईं। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कुंदनरोड ट्रांसमिशन से लाइन बिछी है लेकिन वह भी ओवरलोड चल रहा है। इसी कारण वहां से बिजली नहीं दी गई। इससे समस्या और बढ़ गई थी। कर्मचारी रात भर काम करते रहे। तब कहीं जाकर सुबह सप्लाई सामान्य कर पाए।-कमलेश प्रजापति, अवर अभियंता।


फोटो-20- पावर हाउस में मौजूद ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण।
15 दिनों से बिजली न आने से ग्रामीणों ने किया हंगामा
सोनिक। पावर हाउस से संचालित चमरौली प्रथम फीडर के गांव बिरची में 15 दिनों से बिजली न आने से नाराज ग्रामीणों ने दही चौकी स्थित मीना पावर हाउस पहुंचकर हंगामा किया। ग्रामीणों में ब्रजेंद्र सिंह यादव, शिवप्रकाश, भीखालाल, अभय यादव व गंगाचरण आदि ने बताया कि गांव में 15 दिन से बिजली नहीं आ रही है। गांव में कनेक्शन अधिक हैं लेकिन मात्र 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगा है। लंबे समय से 63 केवी ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की जा रही है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने एसडीओ को संबोधित ज्ञापन सौंपा और वहां पर मौजूद कर्मचारी के जल्द समस्या का समाधान कराने के आश्वासन के बाद वापस लौट गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें