बीघापुर। सहायक अभिलेख अधिकारी व एडीएम न्यायिक ने तहसील पहुंच कर राजस्व निरीक्षक के खिलाफ मिल रही शिकायतों की जांच की। शिकायतें सही पाए जाने पर राजस्व निरीक्षक को पद से हटाकर राजस्व कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
तहसील में कार्यरत राजस्व निरीक्षक अजय सिंह के खिलाफ मझिगवां निवासी अंकिता सिंह ने जमीन पर कब्जे को लेकर रुपयों की मांग करने, पाटन निवासी शिवकुमार सोनी ने आदेश के बाद जमीन की पैमाइश न करने की शिकायतें उच्चाधिकारियों से की थी। लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिला अधिकारी घनश्याम मीणा के सहायक अभिलेखाकार अधिकारी प्रशांत नायक व एडीएम न्यायिक अभिताभ यादव को जांच के निर्देश दिए थे।
बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे अधिकारियों ने जांच की। इस दौरान भ्रष्टाचार के तथ्य सामने आने पर दोनों जांच अधिकारियों ने रिपोर्ट एसडीएम रणवीर सिंह को सौंपी। इस पर एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक अजय सिंह को राजस्व कार्यालय से संबद्ध कर राजस्व निरीक्षक अनवार अहमद को पनहन और बीघापुर का अतिरिक्त कार्य भार दिया है।