बीघापुर। बिहार-बक्सर मार्ग पर सुमेरपुर तिराहा के पास वाहन की टक्कर से ऑटो सवार थाने के चौकीदार गंभीर घायल हो गए। इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बारासगवर थानाक्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी रामस्वरूप पासवान (60) बारा थाने में चौकीदार थे। शुक्रवार दोपहर काम से बिहार गए हुए थे। देर शाम ऑटो में बैठकर वापस भगवंतनगर की ओर आ रहे थे। बिहार-बक्सर मार्ग पर सुमेरपुर तिराहे के पास भगवंतनगर की ओर से आ रहे चार पहिया वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। घटना में रामस्वरूप गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस से सुमेरपुर स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, गंभीर हालत में डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत से पत्नी नन्हकेऊ, दो बेटों में रमेश और रामदेव बेहाल हैं। दोनों बेटे दिल्ली में प्राईवेट नौकरी करते हैं। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्रा ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।