सफीपुर। आसीवन थाना क्षेत्र के कादिरपुर गांव निवासी रिक्शा चालक ने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित बाग में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पत्नी के मुताबिक वह हेपेटाइटिस-बी पीड़ित थे। इसे लेकर अवसाद में थे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
आसीवन तरफ कादिरपुर गांव निवासी अरविंद कुमार (40) का शव सोमवार की सुबह मुजफ्फरपुर सर्रा गांव निवासी बैजू तिवारी के बाग में रस्सी के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन पहुंचे। पत्नी शशी ने बताया कि अरविंद हेपेटाइटिस-बी पाजिटिव थे। उनका एक साल से इलाज चल रहा था। एक सप्ताह से बीमारी को लेकर तनाव में थे। वह किसानी के साथ ई रिक्शा चलाकर तीन बेटियों ईशा, सोनाली और रुही की परवरिश कर रहे थे।
थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया है। इस पर आवश्यक कागजी कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।