फोटो-12-सफीपुर कोतवाली में पुलिस के साथ बच्ची व मां। स्त्रोत: पुलिस।
सफीपुर। गुम मोबाइल खोजने की कवायद में महिला से उसकी छह साल की बच्ची शनिवार सुबह कस्बे में बिछड़ गई। महिला को रोता देख पहुंची पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची को खोज निकाला और उसे मां को सौंप दियाा।
कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी रामसेवक की पत्नी रमाकांती छह साल की बेटी आरुषि के साथ मायके पंडितखेड़ा गांव गई थीं। शनिवार की दोपहर टेंपो से कस्बे में उतरते समय उनका मोबाइल गुम हो गया। परेशान रमाकांती ने आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के पास खड़ी महिला के पास बेटी को छोड़ दिया और मोबाइल खोजने के लिए टेंपो की ओर निकल गई। लौटने पर बेटी को लापता देखकर उसके होश उड़ गए। वह रोने लगी। उसी समय वहां से गुजर रहे एसआई संजय पांडेय और महिला आरक्षियों ने रोने का कारण पूछा। इसके बाद बच्ची की खोज शुरू की।
करीब एक घंटे बाद बच्ची को गुलाब बिल्डिंग के पास से सकुशल खोजकर उसकी मां को सौंप दिया। बेटी को पाकर रमाकांती की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पुलिस टीम का धन्यवाद दिया।