फोटो-7- सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात्राएं। स्रोत: आयोजक
उन्नाव। शहर के दरोगा बाग में 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम में भगवान धनवंतरी की पूजा की गई। इसके अलावा जागरूकता रैली निकालकर लोगों से आयुर्वेद के फायदे बताकर इससे इलाज कराने की अपील की।
दरोगाबाग स्थित जिला आयुर्वेद एवं यूनानी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मां शक्ति नर्सिंग एंड फार्मेसी आयुर्वेदिक कॉलेज की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली दरोगाबाग से शुरू होकर निराला पार्क में समाप्त हुई। रैली के दौरान ‘हम सबने ठाना है, आयुर्वेद को अपनाना है’ जैसे नारे लगाए गए। इसके बाद कॉलेज परिसर में यज्ञ-पूजन का आयोजन किया गया।
आचार्य राघवेन्द्र, आचार्य राजीव शर्मा और मंजू मूर्ति ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। प्राचार्य डॉ. आरके सिंह, संस्थापक डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अनिल कुमार सिंह, प्रीती गुप्ता, छात्र-छात्राओं और अतिथियों ने हवन में आहुति डाली। मुख्य अतिथि सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीनतम चिकित्सा पद्धति है, जो ऋषि-मुनियों के समय से चली आ रही है और आज भी जन-जन के लिए उपयोगी है। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि भानू मिश्रा ने भी आयुर्वेद अपनाने पर जोर दिया। संस्थापक डॉ. राजेश सिंह ने संदेश दिया कि आयुर्वेद अपनाकर हम शरीर को स्वस्थ बना सकते हैं।
फोटो-7- सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात्राएं। स्रोत: आयोजक