फोटो-3- ऑपरेशन थियेटर के बाहर बैठे मरीज। संवाद
उन्नाव। जिला अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में लगी सी-आर्म और ऑटो क्लेव मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। इससे ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। सीएमएस ने जल्द ही मरम्मत कराने की बात कही है।
जिला अस्पताल में हड्डी संबंधित रोजाना औसतन 10 मरीजों को भर्ती किया जाता है। इसमें से फ्रैक्चर वाले मरीजों को डॉक्टर ऑपरेशन की सलाह देते हैं, लेकिन मंगलवार को ऑपरेशन थियेटर में लगी सी-आर्म मशीन खराब हो गई। सी-आर्म मशीन हड्डी के ऑपरेशन के दौरान एक्स-रे के माध्यम से सटीक स्थिति देखने के लिए जरूरी होती है।
इसके बिना प्लेट, रॉड या स्क्रू डालने जैसे ऑपरेशन करना जोखिम भरा माना जाता है। ऐसे में डॉक्टरों को मजबूरी में ऑपरेशन टालने पड़ रहे हैं। इसके बुधवार सुबह ऑटो क्लेव मशीन में भी तकनीकी खराबी आने से बंद हो गई। इससे आंख सहित अन्य ऑपरेशन भी बाधित हो गए।
सीएमएस डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि इंजीनियर को सूचना दे दी गई है। जल्द ही दोनों मशीनों की मरम्मत करा दी जाएगी।