फोटो-41-प्राथमिक पाठशाला मवईभान में जमीन पर बैठकर परीक्षा देते छात्र। संवाद
उन्नाव। परिषदीय स्कूलों में आधी-अधूरी तैयारियों के साथ अर्धवार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। पहला दिन होने से प्रश्नपत्र समय पर स्कूलों में नहीं पहुंचे, इससे शिक्षकों को थोड़ी परेशानी हुई। इस बार गणित से परीक्षा की शुरुआत होने से छात्रों को कुछ परेशानी हुई। ऐसे प्रश्न आए जिन्हें हल करने में उन्हें पसीने छूटे। हालांकि ब्लैक बोर्ड पर कहीं लिखा नहीं मिला।
जिले में कक्षा एक से आठ तक कुल 2709 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। इसमें 1883 प्राइमरी, 375 कंपोजिट और 451 उच्च प्राथमिक स्कूल शामिल हैं। जिसमें 2.05 लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन छात्राओं की मंगलवार से अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक हुई, जिसमें छात्रों ने गणित विषय का पेपर दिया। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक संपन्न कराई गई जिसमें संस्कृत के पेपर में छात्र शामिल हुए। परीक्षा पहला दिन होने और सोमवार देर शाम तक बीआरसी से स्कूलों में प्रश्नपत्र न पहुंचने से मंगलवार सुबह पाली की परीक्षा में छात्रों को परेशानी उठानी पड़ी। गंजमुरादाबाद, बांगरमऊ, औरास, असोहा और हिलौली के स्कूलों में समय से प्रश्नपत्र न पहुंचने से देरी से परीक्षा शुरू हुई। पहली बार गणित विषय से परीक्षा की शुरुआत होने से छात्र थोड़ा परेशान हुए।
बीएसए शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। किसी ब्लॉक से देरी से पेपर पहुंचने की सूचना नहीं आई।
यह रही परीक्षा में छात्रों की स्थिति
पुरवा ब्लॉक के बनिगांव कंपोजिट स्कूल में प्रश्नपत्र सुबह देर से पहुंचने पर दस मिनट बाद परीक्षा शुरू हुई। प्रधान शिक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि विद्यालय में 241 छात्र पंजीकृत हैं। इनमें 236 ने परीक्षा दी। पीएमश्री कंपोजिट स्कूल पासाखेड़ा के प्रधान शिक्षक संतोषी नंदन शुक्ला ने बताया कि पंजीकृत 277 छात्रों में 250 परीक्षा में शामिल हुए। प्रश्नपत्र 9:35 बजे पहुंचा और परीक्षा 9:40 पर शुरू हुई।
प्राथमिक स्कूल कटरा की प्रधान शिक्षिका असना फातिमा ने बताया कि पंजीकृत 134 छात्रों में 119 ने परीक्षा दी। प्रश्नपत्र देर से आने के कारण परीक्षा 9:45 बजे शुरू हुई। प्राथमिक स्कूल रूपखेड़ा की प्रभारी शिक्षिका ज्योति यादव ने बताया कि सभी पंजीकृत 33 छात्रों में सभी ने परीक्षा दी। प्रश्नपत्र देरी से आने पर सुबह 9:42 बजे परीक्षा शुरू हुई। यही हाल लगभग अन्य ब्लॉकों के स्कूलों का रहा।
फोटो-41-प्राथमिक पाठशाला मवईभान में जमीन पर बैठकर परीक्षा देते छात्र। संवाद