अचलगंज। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर बृहस्पतिवार की शाम गणेशखेड़ा गांव के सामने डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौत हो गई। बाइक सवार दो अन्य युवक घायल हो गए।
कोरारी खुर्द गांव निवासी निर्मल (38) साथी सुजीत (36) और मुकेश (32) के साथ बाइक से उन्नाव की ओर जा रहे थे। ये लोग लालगंज-उन्नाव लेन पर विपरीत दिशा में चल रहे थे। गणेशखेड़ा गांव के कट के सामने उल्टी दिशा से आ रही कार को बचाने के प्रयास में उन्नाव की ओर से आ रही डीसीएम के चालक ने गाड़ी बायीं ओर काटी। इससे विपरीत दिशा से आ रही बाइक डीसीएम की चपेट में आ गई।
टक्कर लगने से बाइक सवार और डीसीएम दोनों अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरे। तीनों बाइक सवार युवक डीसीएम के नीचे दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से बाहर निकाला। एंबुलेंस से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बाइक चला रहे निर्मल को मृत घोषित कर दिया। सुजीत और मुकेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
थानाध्यक्ष एसएन त्रिपाठी ने बताया कि बाइक सवारों के विपरीत दिशा से आने से हादसा हुआ है। पुलिस ने जेसीबी की मदद से डीसीएम को खंती से बाहर निकाला। मृतक निर्मल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीएम चालक हादसे के बाद भाग गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घायल सुजीत ने बताया कि निर्मल अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह सऊदी अरब में काम करता था और हाल ही में लौटा था। निर्मल की पत्नी का दो साल पहले निधन हो चुका था।
निर्मल (फाइल फोटो)