उन्नाव। शराब के रुपये न देने पर अब्बासपुर के पास तीन साथियों ने युवक को जमकर पीटा। मारपीट में पीड़ित की सोने की चेन भी टूट गई। आरोप है कि चेन के दो टुकड़े लेकर आरोपी भाग निकले प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
माखी थाना क्षेत्र के थाना गांव विनोद कुमार सोनकर ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 23 सितंबर की रात करीब एक बजे अपनी ससुराल सदर कोतवाली के हुसैननगर से गांव लौट रहा था। अब्बासपुर के पास उसे गांव का अखिलेंद्र उर्फ इलू सिंह चंदेल दो साथियों के साथ मिले। वह अपने साथ पीडीनगर स्थित गोल्डन बार लेकर गया।। वहां शराब पीने के बाद सभी लोग लौट रहे थे। अब्बासपुर के पास अखिलेंद्र सिंह ने विनोद से शराब के रुपये मांगे। रुपये देने से इन्कार करने पर साथियों के साथ मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक जातिसूचक शब्द भी कहे। मारपीट के दौरान सोने की चेन भी टूट गई। चेन के दो हिस्से तीनों उठा ले गए। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।