संकल्प यात्रा पर जेसीबी से पुष्पवर्षा करते भाजपा कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : 1
बांगरमऊ। गुजरात के वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा का बांगरमऊ पहुंचने पर विधायक श्रीकांत कटियार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। नानामऊ पुल, भुड्डा चौराहा, बेरियागाड़ा मोड़, मदारनगर, कल्याणी नदी पुल और नानामऊ तिराहे पर जेसीबी से फूल बरसाकर यात्रियों का अभिनंदन किया।
बेरियागाड़ा गांव में आयोजित लाभार्थी संवाद में यात्रियों ने लोगों से केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। मीना देवी, रानी देवी, कुसमा और लाजवती ने बताया कि उन्हें शौचालय और गैस सिलिंडर का लाभ मिला है। विधायक श्रीकांत कटियार ने बताया कि यात्रा सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। यात्रा के दौरान संडीला मार्ग तिराहे पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के सामने दीपदान भी किया गया। शुक्रवार को यात्रा गेस्टहाउस में विश्राम कर शनिवार सुबह आगे रवाना होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, युवा मोर्चा अध्यक्ष बाला राव गुप्ता, मुकेश पाल, नीरज गुप्ता, मनोज निषाद और अर्जुनलाल दिवाकर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपाइयों ने बनाई स्वागत की रूपरेखा
हसनगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर गुजरात से वाराणसी जा रही साइकिल यात्रा आज महुआ चौराहा पहुंचेगी। शुक्रवार को हसनगंज में भाजपा नेताओं ने स्वागत तैयारियों पर बैठक की। महुआ चौराहा पर ढोल-नगाड़ों, बाइक सवार कार्यकर्ताओं और जेसीबी से पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया जाएगा।