औरास (उन्नाव)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गौरिया कला गांव के पास डीसीएम का टायर चेक कर रहे क्लीनर की कंटेनर की टक्कर से मौत हो गई। घटना में कंटेनर चालक भी घायल हो गया। उसे सीएचसी से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। कंटेनर चालक को झपकी आने से हादसा बताया जा रहा है।
कानपुर नगर के थाना अरौल इदंलापुर निवासी अभिषेक, क्लीनर कन्नौज निवासी गोपाल (26) पुत्र रमेशचंद्र के साथ किसान मो. सफीक और भूपेंद्र सिंह के आलू लादकर डीसीएम से जौनपुर जा रहा था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम करीब पांच बजे बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के गौरियाकला गांव के पास के पास पहुंचे थे तभी चालक अभिषेक ने डीसीएम रोक दी और परिचालक गोपाल पिछले टायर में हवा चेक करने लगा। इसी दौरान नोएडा से लखनऊ जा रहे कंटेनर चालक अलीगढ़ जिले के थाना विजयगढ़ निवासी आकाश (27) पुत्र सुरेश को झपकी आने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और गोपाल को टक्कर मारने के बाद डीसीएम से भिड़ गई। घटना में दोनों गंभीर घायल हो गए। साथ रहे किसान की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी लाई। डॉक्टर ने गोपाल को मृत घोषित कर दिया। घायल आकाश की हालत गंभीर देख लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। कंटेनर में टाटा कंपनी के पार्ट लदे हैं। चालक अभिषेक ने बताया कि गोपाल की एक सप्ताह पहले ही दिल्ली में शादी हुई है।
बेहटा मुजावर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि डीसीएम सुरक्षित स्थान पर खड़ी थी। कंटेनर चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है।