औरास। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गौरिया कला गांव के पास चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में मां-बेटे और दंपती घायल हो गए। यूपीडा कर्मियों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया।
पश्चिम बंगाल के कलकत्ता के हावड़ा थाना क्षेत्र के हावड़ा बलगीचया निवासी शैलेंद्र गुप्ता (30) मां विभा देवी (65), बिहार के बाराचट्टी गया निवासी रिश्तेदार लवकेश (42), उनकी पत्नी पिंकी (40) के साथ कार से दो दिन पहले वृंदावन दर्शन करने गए थे। मंगलवार की रात एक बजे वहां से अयोध्या जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के गौरियाकला गांव के पास कार चला रहे शैलेंद्र को झपकी आने से गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घायलों को यूपीडा कर्मियों ने एंबुलेंस से औरास सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सभी को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
बेहटामुजावर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ था। लखनऊ में सभी का इलाज चल रहा है।